कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बदाह का परिसर मलबे से भर गया है। इस कारण अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। हालांकि, स्कूल का स्टाफ सोमवार को नियमित समय पर स्कूल पहुंचा लेकिन बच्चा एक भी नहीं आया। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था नहीं है जिस कारण बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल है। जब तक स्कूल में हालात सामान्य नहीं होते, तब तक बच्चों को स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं हैं। स्कूल परिसर में दलदल है और साथ में शौचालय और एक कमरे में भी मलबा और पानी घुस गया है।
गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के चलते निकास नालियों में भारी मलबा आ गया जो प्राथमिक विद्यालय परिसर में जा घुसा। इससे स्कूल बच्चों के बैठने के लिए सुरक्षित नहीं है। वहीं बारिश के चलते उपमंडल बंजार की देउठा पंचायत में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पंजोही की सुरक्षा दीवार भी गिर गई जिससे भवन को खतरा पैदा हो गया है। हालांकि, सोमवार को बंजार उपमंडल के शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया था। मंगलवार से बच्चे स्कूल आएंगे लेकिन यहां भी बैठने के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं है।
बारिश से काफी विद्यालयों को नुकसान पहुंचा है। विभाग आकलन करने में जुटा है और इसकी विद्यालय और ब्लॉक स्तर से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके आधार पर विद्यालयों में बच्चों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
-डॉ. सुनील दत्त, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग