कुल्लू मंडी की सीमा पर कुल्लू के बालू नाग और मंडी जिला के कमरूनाग का देव मिलन
कुल्लू। मंडी जनपद के बड़ादेव कमरूनाग कुल्लू पहुंच गए हैं। देवता इतिहास में पहली बार कुल्लू पहुंचे हैं। देव कमरूनाग के साथ देव बालाटिका भी हैं। देव कमरूनाग जैसे ही कुल्लू जिले के प्रवेशद्वार बजौरा में दाखिल हुए तो यहां पर उनके स्वागत की तैयारियां पहले ही की गई थीं।
श्रद्धालुओं ने देव कमरूनाग के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। देव कमरूनाग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। देव कमरूनाग कुल्लू जिले में भक्त के निमंत्रण पर आए हैं। अगले दो-तीन दिनों तक देवता कुल्लू जिले में ही रहेंगे। इसी साल गर्मियों के दौरान मंडी के देवता हुरंग नारायण ने भी कुल्लू जिले का दौरा किया था। बड़ी संख्या में लोग हुरंग नारायण के दर्शन के लिए उमड़े थे। बड़ादेव कमरूनाग के आने की सूचना को लेकर श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। बजौरा से लेकर मौहल तक उनका जगह-जगह पर स्वागत किया जाना है। संवाद