नग्गर (कुल्लू)। नग्गर-पतलीकूहल संपर्क मार्ग और कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक सड़क की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में लोक निर्माण विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों के समक्ष समस्या उठा चुके हैं लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार नग्गर में सड़क का शायद ही कोई हिस्सा ऐसा बचा हो जिसकी स्थिति सही हो। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहनों को हिचकोले खाते हुए गुजरना पड़ता है। भारतीय स्टेट बैंक शाखा से लेकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और घौड़दौड़ चौक तक सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। उनका आरोप है कि धरोहर गांव के नाम से प्रसिद्ध नग्गर की पहचान इन गड्ढों के कारण धूमिल हो रही है।
स्थानीय निवासी रामचंद्र भारद्वाज, पुरुषोत्तम भारद्वाज, उत्तम चंद, कमलेश कुमार, पंकज और सामाजिक कार्यकर्ता मीरा आचार्य सहित अन्य लोगों का कहना है कि विभाग समय-समय पर गड्ढों में मिट्टी डालकर खानापूर्ति करता है लेकिन सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों पर्यटक नग्गर कैसल, रोरिक आर्ट गैलरी और जाणा फॉल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के दर्शन के लिए नग्गर पहुंचते हैं लेकिन पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस सड़क की अनदेखी समझ से परे है।
उधर, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता डोला राम ठाकुर ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जल्द ही इसका कार्य किया जाएगा।