कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में शनिवार को नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से शारीरिक शिक्षा विभाग के सहयोग आयोजित स्पोर्ट्स मीट में कबड्डी, खो-खो और टेबल टेनिस मुकाबले करवाए गए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक भी हुए। स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. सोम नेगी ने किया।
कबड्डी में आठ टीमों ने भाग लिया, जबकि खो-खो में तीन टीमें मैदान में उतरीं। टेबल टेनिस में 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की कबड्डी स्पर्धा में बबली की टीम विजेता और देवग्रह की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में कुल्लू कॉलेज एनसीसी आर्मी विंग ने पहला और सेउबाग की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। खो-खो में भंडारी ब्रदर्स विजेता और गैंग पहाड़ी उपविजेता रही।
टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में अमन ने पहला और जितेंद्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में दीक्षा विजेता और निकिता उपविजेता रहीं। इस दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. खेमचंद और प्रो. प्रीति ठाकुर भी मौजूद रहे। मंच संचालन अध्यक्ष नेहा ने किया। समापन पर प्रो. सोम नेगी, केसी सर और प्रो. ओम प्रकाश ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संवाद