केलांग में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस के मौके पर लाहौली डांस प्रस्तुत करते हुए छात्राएं।
केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जिला लाहौल-स्पीति मुख्यालय केलांग में हिमाचल दिवस का जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष एवं कानून मंत्री यादविंद्र सिंह गोमा ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली।
उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक दिन है। देश की आजादी के आठ माह बाद सन 1948 को आज ही के दिन प्रदेश 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय से वजूद में आया। पोषण अभियान के तहत जिले में 2025-26 में 537 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। स्पीति उपमंडल में तीन आयुष स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उन्नत किए गए। आयुष स्वास्थ्य केंद्र चिचोंग, चिचम और हुरलिंग के भवन निर्माण के लिए एफआरए के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण पर है। आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में औषधीय पौधे लगाए गए हैं।
राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग और दारचा के लिए क्रमशः एक करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। बेटी है अनमोल योजना के तहत जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2 लाख 89 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई। चिनाब घाटी मंडल लोक निर्माण विभाग उदयपुर में वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 1252.09 लाख रुपये का बजट आवंटित है। अब तक 1087.00 लाख रुपये खर्च किए गए।
आयुष मंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर शपथ लें कि चिट्टा मुक्त हिमाचल का निर्माण कर युवाओं के भविष्य को स्वस्थ और नशा मुक्त बनाएंगे। कार्यक्रम में लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, डीसीसी अध्यक्ष दोरजे लारजे, जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी, उपायुक्त किरण भड़ाना, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला आदि मौजूद रहे।