लाहौल के सिस्सू में मनाए गए स्नो फेस्टिवल में विजेता टीम को पुरस्कृत वन मंडल अधिकारी अनिकेत वा
तीन दिवसीय यति स्नो फेस्टिवल का समापन, सैलानियों ने लिया लजीज व्यंजनों का लुत्फ
बर्फ से लकदक वादियों को निहारने के साथ लाहौल की संस्कृति से भी रूबरू हुए पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के सिस्सू में आयोजित तीन दिवसीय यति स्नो फेस्टिवल का समापन हो गया।
सैकड़ों पर्यटकों ने जिला की अनूठी वैभव शैली संस्कृति, पारंपरिक खान पान, पहनावा,आभूषण, स्थानीय हथकरघा उत्पाद और लजीज व्यंजनों का जायका लिया। साथ ही धार्मिक तीज त्योहार, रीति-रिवाजों को भी जीवंत तौर पर जाना। घाटी की मनोरम एवं बर्फ से लकदक वादियों का भी दीदार किया।
अंतिम दिन सेामवार को लाहौली नृत्य की धूम रही। सैलानी लाहौल सांस्कृतिक दलों से साथ झूम उठे। गायक रमेश ठाकुर ने प्रस्तुतियों से सैलानियों को जमकर नचाया। उन्होंने पहाड़ी, लाहौल और फिल्मी तरानों पर दर्शकों को झुमाया। समापन के मुख्य अतिथि वन मंडल अधिकारी अनिकेत वानवे थे। उन्होंने आयोजन समिति के नोडल अधिकारियों और उनकी टीम के सदस्यों की इस उत्सव के सफल आयोजन की तारीफ की। कहा कि लाहौल-स्पीति में पर्यटकों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित स्नो फेस्टिवल से घाटी के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विंटर खेलों ने भी पर्यटकों को आकर्षित किया है।