खराहल (कुल्लू)। करीब तीन माह से बारिश न होने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। सामान्य से अधिक तापमान के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ने लगा है। इन दिनों सेब के बगीचों में सूली यानी जड़ छेदक कीट बागवानों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। यह कीट पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंचाकर उन्हें अंदर से खोखला कर रहा है। इसके चलते कुछ समय बाद प्रभावित पौधे पूरी तरह सूख रहे हैं। जिले के कई बगीचों में इस कीट के हमले से पौधों को नुकसान पहुंचने लगा है।
बागवान प्रताप पठानिया, देवराज नेगी, कैलाश ठाकुर, महेश, सुरेश, किरन शर्मा और टिकम राम का कहना है कि बारिश और बर्फबारी न होने से जड़ छेदक कीट की सक्रियता बढ़ गई है। शुष्क मौसम और सामान्य से अधिक तापमान के कारण सेब के पौधों पर इसका हमला तेज हो रहा है। इससे बगीचों में कई पौधे प्रभावित हो रहे हैं और बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी अनुसंधान केंद्र बजौरा के सहनिदेशक डॉ. भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि जड़ छेदक कीट के प्रकोप पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए बागवान सबसे पहले प्रभावित पौधों की पहचान करें। उनकी जड़ों के आसपास की मिट्टी हटाकर दिखाई देने वाले कीड़ों को नष्ट करें। इसके बाद क्लोरोपाइरीफॉस की 40 मिलीलीटर मात्रा को 10 लीटर पानी में घोलकर प्रभावित पौधों के थाले में डालें। उन्होंने तने से एक मीटर के दायरे में कीटनाशक डालने की सलाह दी। इससे कीट के प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।