पतलीकूहल/नग्गर। विश्व धरोहर गांव नग्गर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एटीएम को लूटने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। नग्गर चौक पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के बाहर स्थापित एटीएम में रात करीब दो बजे एक शख्स बैंक के एटीएम में घुसा। आरोपी के हाथ में एक लोहे का छड़नुमा औजार भी है। आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए चेहरे को पर नकाब में पहन रखा है। आरोपी ने एटीएम में घुसते ही कैश बॉक्स पर राड से प्रहार कर इसकी पहली परत की चादर को तोड़ दी लेकिन वह कैश बॉक्स की आंतरिक मोटी लोहे की चादर को भेदने में नाकाम रहा।
करीब पंद्रह मिनट के बाद आरोपी एटीएम से बाहर निकल गया। मनाली के थाना प्रभारी केडी शर्मा ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद कैश लूटने में नाकाम रहा। इस घटना से लोग अपने जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं। एएसपी निश्ंिचत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कौन है और कहां का निवासी है।