सिस्सू से तांदी की ओर बर्फ हटाता सीमा सड़क संगठन का स्नोकटर
मनाली (कुल्लू)। अटल टनल रोहतांग भारी बर्फबारी के कारण सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गई है। अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल बर्फबारी से लकदक हो गए हैं।
सोलंगनाला तक भारी बर्फबारी हुई है। इस कारण मनाली-लेह मार्ग भी बंद हो गया है। यातायात अवरुद्ध होने के कारण लाहौल घाटी का मनाली और जिला कुल्लू से संपर्क कट गया है। सैर सपाटे के लिए मनाली पहुंचे पर्यटक भी शुक्रवार को पलचान से आगे नहीं जा पाए। सोलंगनाला की ओर गए सभी वाहनों को पहचान में ही रोका गया।
कुछ पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में सोलंगनाला तक पहुंचे। रोहतांग दर्रा, अटल टनल के साउथ पोर्टल, धुंधी और सोलंगनाला फिर बर्फबारी से लकदक हो गए हैं। पर्यटक शुक्रवार को अटल टनल का दीदार नहीं कर सके। मनाली से अटल टनल की ओर गए पर्यटकों को खराब मौसम के कारण पहले नेहरूकुंड में ही रोका गया।
मौसम खुलने के बाद पर्यटक वाहनों को पलचान तक जाने की अनुमति दी गई। डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि अटल टनल के आसपास भारी बर्फबारी हुई है। इस कारण सोलंगनाला से आगे सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। पर्यटक वाहनों को भी पलचान से आगे नहीं भेजा गया। संवाद