बंजार (कुल्लू)। जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन ने रविवार को जिभी घाटी तथा आसपास के प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्रों में एक कदम स्वच्छता की ओर के तहत सफाई अभियान चलाया। इस दौरान पर्यटन से जुड़ी संस्था ने क्षेत्र में स्वच्छता की अलख जगाने का प्रयास किया। स्वच्छता अभियान में एसोसिएशन के ग्राम पंचायत खाड़ागाड़ और तांदी के प्रतिनिधि, महिला मंडल भल्लाग्रां, पर्यटन कारोबारी, टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि, स्थानीय दुकानदार शामिल हुए। संगठन के अध्यक्ष कैप्टन किशन चौहान ने सभी हितधारकों से अपने घर, व्यावसायिक संस्थान तथा आसपास के क्षेत्र में हर रोज सफाई के लिए एक घंटा देने की अपील की है।
कहा कि स्थानीय प्रशासन के पास अभी भी कचरा निपटान के लिए कोई ठोस उपाय उपलब्ध नहीं है। ऐसे में संस्था अपने स्तर पर कचरे को इकट्ठा कर मनाली स्थित प्लांट तक भेजेगी। एसोसिएशन ने सरकार और प्रशासन से जिभी और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा निपटान केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया है। संवाद