अक्तूबर में 13 एमबीए रहने वाला लोड बढ़कर 17 एमबीए तक पहुंचा
सुबह के समय अधिक लोड, दिसंबर तक स्थिति ऐसी रहने का अनुमान
बलदेव राज
कुल्लू। नवंबर के तीसरे सप्ताह में कुल्लू में ठंड का असर बढ़ गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला पड़ रहा है। निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
ठंड का असर बढ़ते ही कुल्लू शहर में बिजली की खपत बढ़ गई है। अक्तूबर में 13 एमबीए तक रहने वाला लोड बढ़कर अब 17 एमबीए तक पहुंच गया है। सुबह के समय ही दो घंटे लोड अधिक बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली सुचारू रखने में बोर्ड को परेशानी हो रही है। हालांकि दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक इसी तरह की स्थिति रहने का अनुमान है।
गौर रहे कि 33/11 केवी सब स्टेशन कुल्लू में 23 एमबीए लोड की क्षमता है। बिजली की खपत बढ़ने के पीछे ठंड का असर है। ठंड से बचने के लिए अब शहरी क्षेत्र में हीटर जल रहे हैं। साथ ही बिजली से चलने वाले उपकरण भी हैं। फिलहाल बिजली बोर्ड को किसी तरह की परेशानी नहीं है। इन दिनों स्कूल और कॉलेज चल रहे हैं। दिसंबर में स्कूलों में अवकाश होगा, ऐसे में बिजली की खपत में भी कमी आएगी। बहरहाल आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच बिजली आपूर्ति बहाल रखना बिजली बोर्ड के लिए आसान नहीं होगा।
अक्तूबर के मुकाबले नवंबर में कुल्लू शहर में बिजली की खपत बढ़ गई है। बिजली का लोड बढ़कर अब 17 एमबीए तक पहुंच गया है। दिसंबर में स्कूलों में छुटि्टयां पड़ने तक यही स्थिति रहने का अनुमान है। बिजली की सप्लाई पर फिलहाल कोई असर नहीं है। -अक्षय सूद, सहायक अभियंता, विद्युत मंडल कुल्लू
लग रहे बिजली कट
कई क्षेत्रों में सुबह के समय बिजली के कट लग रहे हैं। खराहल, लगघाटी और कुल्लू शहर आदि क्षेत्रों में कई बार सुबह के समय बिजली गुल हो रही है। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कट विद्यार्थियाें की पढ़ाई में भी बाधा बन रहे हैं।