उपायुक्त कुल्लू और जिला भाषा अधिकारी के पास देना होगा आवेदन
...
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक स्थानीय और बाहरी कलाकारों एवं प्रतिभाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रशासन ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन जमा करने के दो माध्यम तय किए हैं।
सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर ने बताया कि गायन और नृत्य प्रस्तुतियों के लिए आवेदक अपना आवेदन उपायुक्त कुल्लू के आधिकारिक ईमेल dc-kul-hpnic.in पर भेज सकते हैं। वहीं, जिला स्तरीय लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक, गायन-नृत्य के अलावा अन्य पारंपरिक, लोक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को आवेदन जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, कुल्लू में व्यक्तिगत रूप से या डाक के माध्यम से जमा करवाना होगा।
उन्होंने बताया कि अधूरी जानकारी वाले या निर्धारित माध्यम के विपरीत भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिताओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, कुल्लू से संपर्क किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित होगा।