जिया पंचायत प्रधान की अगुवाई में उपायुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल
सीपीएस पर लगाया आरोप, जानबूझ कर रोका है लाडा का पैसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिया पंचायत को लाडा की 25 लाख रुपये की राशि न मिलने पर प्रधान संजू पंडित की अगुवाई में वीरवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला। पंचायत प्रधान संजू पंडित ने आरोप लगाया कि सीपीएस ने लाडा की राशि को रोककर रखा है। लाडा के वर्तमान में चेयरमैन सीपीएस हैं। इसलिए पंचायत को लाडा का पैसा नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त तोरुल एस रवीश से पंचायत के वार्ड नंबर चार में पेच्छा-देउघरा-भ्रैंण सड़क के निर्माण के चलते बने नाले से हो रहे नुकसान से भी अवगत करवाया। संजू पंडित ने कहा कि नाले का पानी घरों में आ रहा है। घरों को बचाने के लिए आरसीसी की दीवार और कलवर्ट डालना जरूरी है, इसके लिए जल्द ही धनराशि जारी की जाए। प्रशासन तर्क देता है कि इस काम को मनरेगा के तहत करवाया जाए।
प्रशासन के पास ग्रामीण इसलिए आए हैं ताकि उन्हें बजट जारी किया जाए और नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि जिया पंचायत की लाडा की धनराशि को जानबूझ कर रोका गया है। लाडा की बैठक में भी इस मामले को उठाया गया लेकिन अभी तक उनकी बात को नहीं सुना गया है। लाडा के पैसे पर पंचायत का हक है। इसलिए जिया पंचायत के लाडा के पैसे को जल्द जारी किया जाए, अन्यथा उन्हें अपना पैसा लेने के अन्य विकल्पों पर गौर करना पड़ेगा। इस दौरान विमला देवी आदि मौजूद रहे। संवाद