जिला परिषद के निवर्तमान सदस्य महेंद्र सिंह ने एसडीएम उदयपुर को सौंपा शिकायत पत्र
बोले- दुकानों से महंगा राशन खरीद रहे लोग, रसोई गैस सिलिंडर की भी आ रही समस्या
अधिकारियों को लिखा पत्र, म्याड़ को छोड़ अन्य क्षेत्रों में की सिलिंडर की आपूर्ति : एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। उपमंडल में जिला परिषद वार्ड नंबर-एक क्षेत्र में कई एपीएल परिवारों को सस्ता राशन पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है।
इस संदर्भ में जिला परिषद निवर्तमान सदस्य महेंद्र सिंह ने उपमंडल अधिकारी उदयपुर को एक शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा है कि इस क्षेत्र के लोगों को सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। ऐसे में क्षेत्र के लोग दुकानों से महंगा राशन खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे राशन वितरकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा रसोई गैस सिलिंडर को लेकर आ रही समस्या के बारे में भी विभाग को सूचना दी गई थी लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि घाटी के मयाड़ और तिंदी क्षेत्र में अभी तक गैस सप्लाई नहीं हुई है।
एसडीएम उदयपुर अलीषा चौहान ने बताया कि शिकायत पत्र पर संज्ञान लेते हुए सिविल सप्लाई उदयपुर से जवाब मांगा है। हालांकि सिविल सप्लाई की ओर से जवाब मिला है कि मयाड़ घाटी को छोड़ अन्य क्षेत्रों में सिलिंडर की आपूर्ति की गई थी। राशन की शिकायत को लेकर उन्होंने कहा कि इस बारे में मंडी स्थित विभागीय उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।