भुंतर कस्बे में खोली जाएगी दुकान, जिले के किसानों-बागवानों को होगा लाभ
सरकारी एजेंसी से सामान खरीदने को तवज्जो देंगे कुल्लू के किसान-बागवान
गौरीशंकर
कुल्लू। जिले में एचपीएमसी ने किसानों-बागवानों के लिए औजार और दवाइयां बेचने के लिए दुकान खोलने की तैयारी कर ली है। अब किसानों को एचपीएमसी के उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे।
एचपीएमसी भुंतर कस्बे में दुकान खोलेगा। मकान मालिक के साथ करार कर लिया है। दुकान में कृषि संबंधी औजार में कैंची, पावर टिलर, स्प्रे पंप के अलावा दवाइयां, खाद आदि वस्तुओं की बिक्री करेगा। इससे घाटी के किसानों-बागवानों को फायदा होगा। वे सरकारी एजेंसी से सामान खरीदने को प्राथमिकता देंगे।
एचपीएमसी का जूस आउटलेट शमशी औद्योगिक क्षेत्र गेट के पास पहले से मौजूद है लेकिन सामान की बिक्री करने के लिए जगह नहीं थी। इसको देखते हुए अब एचपीएमसी ने भुंतर मुख्य बाजार में दुकान खोलने से संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बागवानों से नजदीकियां बढ़ा रहा एचपीएमसी
किसानों-बागवानों और एचपीएमसी के बीच दूरियां बढ़ती जा रही थीं। पहले सी ग्रेड का जो सेब एचपीएमसी खरीदता था, उसमें भी काफी कमी दर्ज की गई थी। इस बार प्राकृतिक आपदा के चलते बागवानों ने एचपीएमसी का रुख करना शुरू किया है। इस बार एचपीएमसी को काफी ज्यादा सी ग्रेड सेब मिला है। जिले के आठ कलेक्शन सेंटर में 44 हजार से अधिक बोरियां एकत्रित की गई हैं। एचपीएमसी को मिले सेब के बदले भी किसानों को उपकरण, दवाइयां या फिर खाद आदि उपलब्ध करवाने की तैयारी चल रही है। इस दिशा में एचपीएमसी ने कार्य करना शुरू कर दिया है।
बागवानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एचपीएमसी ने भुंतर में दुकान खोलने का निर्णय लिया है ताकि किसानों को कृषि कार्य संबंधी उपकरण, दवाइयां, खाद उपलब्ध करवाए जा सकें। दिसंबर महीने तक दुकान खोल दी जाएगी। - संजीव, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचपीएमसी