कृषि मंत्री को मांगपत्र सौंपकर कृषि सखियों ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। पशु एवं कृषि सखी का प्रतिनिधिमंडल कृषि मंत्री डॉ. चंद्र कुमार से बंजार दौरे के दौरान मिला। मांगपत्र भी सौंपा। इसमें मांग की है कि सरकार प्रदेश में जो पशु मित्र की भर्ती करने जा रही है, उसमें पशु एवं कृषि सखी को प्राथमिकता दी जाए।
वह कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में सरकार के साथ कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पशु एवं कृषि सखी पूरी निष्ठा से काम कर रही हैं। इसकी एवज में मिलने वाले धन से उनका गुजारा नहीं चलता है। उन्होंने कहा कि वह वर्ष में विभाग के वैक्सीनेशन अभियान में भी योगदान देती हैं। प्रतिनिधिमंडल में बंजार खंड की सीता देवी, तारा देवी, कांता देवी, लीला देवी, मंजू देवी, रोशना देवी, चंद्रा देवी, नीलमा देवी, चंद्रकला शामिल रहे। उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति 2021 में हुई है, तब से लेकर वे पूरी ईमानदारी से काम कर रही हैं।