मनाली (कुल्लू)। ऊझी घाटी के सोलंग गांव में पुलिया हादसे में हुई दो किशोरों की मौत मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भड़के ग्रामीण सामूहिक गिरफ्तारी देने थाना पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि 16 अगस्त को जो घटना हुई उसमें सभी ग्रामीण शामिल थे तो मामला सिर्फ 14 लोगों पर ही क्यों दर्ज किया गया। गिरफ्तारी देने पहुंचे ग्रामीणों को निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
गौरतलब है कि हादसे के दूसरे दिन पुलिया निर्माण का जायजा लेने मौके पर पहुंचे लोनिवि के दो अधिकारियों झूला पार करते नदी के ऊपर करीब तीन घंटे तक हवा में लटके रहे। इसके बाद माला पहनाकर कथित तौर पर ग्रामीणों ने अधिकारी के साथ दुर्व्यहार भी किया गया। लोनिवि के अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस ने
गांव के 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इससे भड़के ग्रामीण अपने बच्चों और बुजुर्गों घर में छोड़कर सामूहिक गिरफ्तारी देने थाना पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने सोलंग गांव के लिए पुल निर्माण में हो रही देरी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने सरकार और पुलिस से सवाल किया कि दो किशोरों की मौत के लिए जिम्मेदार कौन है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पुल का निर्माण अधर में लटका हुआ है। पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, लेकिन सोलंग गांव के लोग आज भी देश से नहीं जुड़ा है। गांव तक पहुंचने का एकमात्र साधन अस्थाई पुलिया है जो बरसात में हर वर्ष बह जाती है।
बुधवार को गांव के करीब 130 महिला और पुरुष मनाली थाना पहुंचे। उन्होंने कुछ लोगों के खिलाफ हुई एफआईआर के विरोध में सामूहिक गिरफ्तारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि 15 अगस्त को दो किशोरों की जान पुल नहीं होने की वजह से चली गई। यदि पुल समय पर बन जाता तो यह घटना न होती।
ग्रामीण अमर ने कहा कि 16 अगस्त को लोनिवि के दो अधिकारी मौके का जायजा लेने आए थे। उस दौरान किशोरों की मौत के कारण ग्रामीण रोष में थे। वहां पर कुछ घटना हुई। उसके लिए पूरा गांव सामूहिक रूप से जिम्मेदार हैं।
मीनाक्षी ने कहा कि पुल का निर्माण वर्षों से लटका है। वहां पुल नहीं होने से दो किशोरों की जान गई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है। दो किशोरों की मौत दुखदायी है।
पुलिस ने सिर्फ 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एचएचओ मनाली संदीप पठानिया ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इसमें जिसकी भी संलिप्तता पाई जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।