कुल्लू जिले में आतंकी हमले के विरोध में बंद रखे बाजार, आक्रोश रैलियां भी निकालीं
कुल्लू, मनाली, भुंतर, बंजार सहित जिले के व्यापार मंडलों ने की आतंकी हमले की निंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमने के विरोध में वीरवार को जिले भर में बाजार बंद रहे। जिला मुख्यालय कुल्लू में तमाम बाजार सुबह से बंद रहा।
दोपहर 12 बजे के बाद दुकानें खुलीं। मुख्यालय में ढालपुर, लोअर ढालपुर, सरवरी, ब्यासा मोड़, अखाड़ा, रामशिला, गांधीनगर, शास्त्रीनगर आदि क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। इस कारण बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वीरवार को सुबह से हालांकि जरूरी सामान की दुकानें कहीं-कहीं खुली दिखीं, लेकिन बाकी तमाम दुकानें कारोबारियों ने सुबह से ही नहीं खोलीं। इस कारण अधिकतर बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। जो लोग खरीदारी के लिए बाजार में उतरे थे, उनमें भी कई लोग वापस लौटे और कइयों ने दुकानें खुलने का इंतजार किया। ऐसे में दोपहर 12 बजे के बाद दुकानें खुलनी शुरू हुईं।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले से देशभर के लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस हमले के विरोध में बुधवार को भाजपा ने आक्रोश रैली निकाली और इस घटना का कड़ा विरोध दर्ज किया। इसके बाद व्यापार मंडल कुल्लू ने भी शहर के कारोबारियों से दुकानें आदि बंद रखने की अपील की थी। इसके चलते शहर के दुकानदारों, कारोबारियों और अन्य लोगों ने अपने अपने कारोबार सुबह से दोपहर 12 बजे तक बंद रखे।
इस घटना की व्यापार मंडी हिमाचल प्रदेश, व्यापार मंडल, कुल्लू, मनाली, भुंतर, बंजार सहित जिला के तमाम व्यापार मंडलों ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है।