लाहौल घाटी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत होना है निर्माण
विधायक अनुराधा राणा ने सीएम और पीडब्ल्यूडी मंत्री का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के तहत लाहौल में पांच पुलों के निर्माण के लिए 36.5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। तेलिंग नाला में तकरीबन 14 करोड़ से डबललेन पुल बनेगा।
प्राकृतिक आपदा के दौरान तेलिंग नाला से होकर गुजरने वाली यह सड़क और पुल मनाली-लेह मार्ग का वैकल्पिक भी है। मूरिंग पंचायत के अंतर्गत चोखंग नाला में 9.93 करोड़ से सिंगल लाइन स्टील ट्रस्ट पुल, चिनाब नदी में त्रिलोकनाथ सड़क पर 9.46 करोड़ से डबल लेन स्टील ट्रस, पौने दो करोड़ से किशोरी नाला में सिंगल स्पेन आरसीसी पुल का निर्माण होगा। उदयपुर-त्रिलोकनाथ वामतट सड़क पर मूरिंग नाला में 1.89 करोड़ से सिंगल स्पेन आरसीसी ब्रिज के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बजट को स्वीकृति मिली है। विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री का आभार जताया है। केंद्र की एक टीम ने पिछले माह ही मौके पर आकर हर जगह क्षतिग्रस्त पुलों का सर्वे किया था। इसके बाद लाहौल में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पूरी जानकारी प्रेषित की और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। लाहौल मंडल के विभिन्न पुलों के लिए 36.5 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।