कुल्लू। जिला कुल्लू कोरोना की तीसरी लहर से मुक्त हो गया है। पिछले तीन दिनों से जिला में कोरोना का एक भी पॉजिटिव मामला नहीं है। कोरोना को हराने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग पूरी एहतियात बरत रहा है।
विभाग ने सैंपलिंग अभियान को बंद नहीं किया है। छह अप्रैल से अब तक विभाग ने जिला के पांचों चिकित्सा खंडों से 191 लोगों के सैंपल जांच के लिए भरे हैं। इन सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव रही है। बता दें कि छह अप्रैल को तीन पॉजिटिव मरीज एक साथ स्वस्थ हुए। उनके स्वस्थ होते ही कुल्लू कोरोना फ्री हो गया है, लेकिन संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सैंपलिंग अभियान को जारी रखे हुए हैं। रोजाना स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग कुल्लू ने कोरोना की तीसरी लहर की चुनौतियों को पार किया है। विभाग ने माइक्रो प्लान तैयार कर बढ़ते मामलों पर नियंत्रण किया है। दिसंबर 2021 के अंतिम सप्ताह में जिला में तीसरी लहर का पहला पॉजिटिव मामला सामने आया था, जिसके उपरांत जनवरी 2022 में लगातर मामले बढे़। रोजाना 100 से अधिक मामले सामने आए, लेकिन विभाग ने प्लान के तहत सैंपलिंग और वैक्सीनेशन अभियान को जारी रखते हुए मामलों पर काबू पाया और छह अप्रैल को कुल्लू कोरोना मुक्त हुआ है। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दोरजे अंगरूप ने कहा कि कुल्लू के चिकित्सा खंड जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरंमड में रोजाना लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
बॉक्स
स्वास्थ्य विभाग के कर्मी कर रहे बेहतर कार्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी बेहतर कार्य कर रहे हैं। विभाग ने कोरोना पर नियंत्रण पाने के लिए वैक्सीनेशन और सैंपलिंग अभियान के लिए अलग-अलग प्लान बनाए, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिला है।
बॉक्स
कब कितने सैंपल भरे
दिन सैंपल
बुधवार 51
वीरवार 77
शुक्रवार 63