उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने एसकेटीटी सड़क पर जाहलमा नाले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद 500 मीटर नई वैकल्पिक सड़क तैयार की है।
मंगलवार रात भूस्खलन से जाहलमा पुल को नुकसान होने के बाद करीब 36 घंटे से एसकेटीटी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। बुधवार को 38 बीआरटीएफ के कमांडर कर्नल सौरभ भंगारी ने निरीक्षण के दौरान नाले से वैकल्पिक सड़क जल्द तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 94 आरसीसी के जवानों ने दिन-रात काम कर वीरवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे नाले के बीच से अस्थायी सड़क बना दी। 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस ने बताया कि फिलहाल वैकल्पिक सड़क से सिर्फ छोटे वाहन जैसे कार, जीप, पिकअप आदि को आने जाने दिया जा रहा है। बड़े वाहनों के लिए अभी इंतजार करना होगा।
इधर, वैकल्पिक सड़क तैयार होने से क्षेत्र की जाहलमा, जुंडा, नालडा, मूरिंग, थिरोट, किशोरी, त्रिलोकनाथ, शकोली, उदयपुर, चिमरेट, तिंगरेट, मड्ग्रां, सलग्रां, तिंदी समेत समूची पांगी घाटी का संपर्क केलांग और मनाली से फिर जुड़ गया है। जाहलमा और उदयपुर के बीच फंसे सैकड़ों पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
..
अब नए पुल की तैयारी शुरू
मेजर पारस ने बताया कि डैमेज पुल सभी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। नए पुल के लिए साइट सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। उधर, विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि रिकाॅर्ड समय में वैकल्पिक सड़क तैयार कर बीआरओ ने क्षेत्र की जनता के साथ पर्यटकों को भी राहत पहुंचाई है। उम्मीद है कि सीमा सड़क संगठन जल्द जाहलमा नाले में नया पुल तैयार कर लोगों को बड़ी राहत देगा।
000