अलाइन नाले में फ्लशिंग से बढ़ा पानी का दबाव
कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हुई प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई भारी बारिश से लाइन नाले में फ्लशिंग के कारण जल का दबाव बढ़ने और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से अलेउ क्षेत्र को पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित हो गई है।
जल शक्ति विभाग के अनुसार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो सके।
विभाग के सहायक अभियंता दीक्षांत शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक क्षेत्र में जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। लोगों से अपील है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का उपयोग करें और विभाग का सहयोग करें। विभाग ने असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है। इसके अलावा कुल्लू जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश हुई है।