नेत्र अस्पताल रायसन में 6 से 10 जनवरी तक लगाया जाएगा शिविर
उपचार के साथ मौके पर किए जाएंगे नेत्र रोगियों ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रायसन स्थित नेत्र अस्पताल में शिविर लगाया जा रहा है। इस दौरान आंखों के रोगों से ग्रस्त मरीजों का उपचार और ऑपरेशन किए जाएंगे। शिविर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र (एम्स) दिल्ली के विशेषज्ञ जांच करेंगे। शिविर 6 से 10 जनवरी तक लगेगा। नए साल का यह पहला शिविर होगा।
नेत्र अस्पताल रायसन में एम्स दिल्ली के चिकित्सक हर माह आंख के मरीजों की जांच करते हैं। दिसंबर में भी कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले के करीब 400 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया था। लगभग 100 सफल ऑपरेशन भी किए गए थे।
नेत्र अस्पताल रायसन के प्रभारी डॉ. डेनिस ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र एम्स दिल्ली की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम कुल्लू आएगी। टीम 6 से 10 जनवरी तक रायसन अस्पताल में उपचार करेगी। दिसंबर में लगाए गए शिविर में जिन लोगों के ऑपरेशन किए गए हैं, उनकी आंखों की रोशनी की जांच भी होगी। उन्होंने उपचार करवाने आने वाले मरीजों से अपना आधार कार्ड साथ लाने की अपील की है।