लाहौल के गोंधला में सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास करते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
केलांग (लाहौल-स्पीति)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को लाहौल की गोंदला पंचायत में दो सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया है। गोंदला पंचायत के थोरंग, टीलिंग और फुकतल के ग्रामीणों के खेत खलिहान 5 करोड़ की सिंचाई योजनाओं से तर होंगे। सिंचाई के लिए पानी की कमी झेल रहे इन इलाकों के ग्रामीण सौगात मिलने से गदगद हो गए हैं।
इसमें 2.29 करोड़ की लागत से रोपसंग नाला से टीलिंग, फुकतल के लिए सिंचाई योजना तथा 2.97 करोड़ की लागत से थोरंग उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण होगा। इससे पहले थोरंग पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत किया। अग्निहोत्री ने कहा कि जनजातीय और दुर्गम इलाकों में विकास को लेकर सरकार गंभीर है।
कांग्रेस सरकार हमेशा पिछड़ों, दलितों और जनजातीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देती आई है। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री लाहौल-स्पीति के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
उन्होंने दोनों योजनाओं की आधारशिला रखने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, ज़िला परिषद अध्यक्ष अनुराधा राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञालसन, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी, एसडीएम केलांग रजनीश शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद