कुल्लू। देवी-देवताओं के महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1,500 जवानों की तैनाती होगी। 24 अक्तूबर से शुरू होने वाले उत्सव के लिए कुल्लू पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा ने पुलिस हेडक्वार्टर से दशहरा उत्सव के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1,500 जवानों की मांग भेजी है।
कुल्लू दशहरा 24 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक चलेगा। सप्ताहभर चलने वाले कुल्लू दशहरा में कोई भी संदिग्ध घाटी में प्रवेश न कर पाए, इसके लिए बजौरा और हाथीथान से लेकर रामशिला तक नाके लगाए जाएंगे। कुल्लू आने वाले लोगों को इन्हीं नाकों से होकर गुजरना होगा। पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात होंगे।
पुलिस हर आने-जाने वाले लोगों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से नजर रखेगी। दशहरा की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए कुल्लू पुलिस रोडमैप तैयार करने में जुटी है। दशहरा की आड़ में ड्रग्स और चरस की तस्करी न हो, इस पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। जिले में बाहरी राज्यों की गाड़ियों को प्रवेश निरीक्षण के बाद ही मिलेगा। बजौरा से लेकर रामशिला तक 17 किलोमीटर में यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस रणनीति तैयार कर रही है। दशहरा में भाग लेने वाले देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों की सुरक्षा को पुख्ता किया जा रहा है।
.....................
उत्सव में नाइट विजन, नंबर स्कैनिंग, हाई जूम वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। शहर के भीतर यातायात कैसे रहेगा, इस पर भी मंथन चल रहा है। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1,500 जवानों की मांग के लिए पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखा है। इसमें 1,000 पुलिस कर्मी और 500 होमगार्ड के जवान शामिल है।
-साक्षी वर्मा, एसपी कुल्लू