रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कोकसर के लिए छह महीने बाद बस सेवा शुरू कर दी गई है। दिसंबर 2020 में हुई बर्फबारी के बाद एचआरटीसी ने बस सेवा बंद कर दी थी। कोरोना के बीच बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। गौर रहे कि छह फरवरी 2021 को बीआरओ ने नॉर्थ पोर्टल से सात किलोमीटर दूर बर्फ की मोटी दीवार काटकर कोकसर तक सड़क बहाल की थी। सड़क बहाल होने के बावजूद बस शुरू नहीं हो सकी थी।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर एक बस कुल्लू से वाया कोकसर गांव तक शुरू की गई है, जबकि अन्य बस केलांग से नॉर्थ पोर्टल होकर कोकसर गांव तक जाएगी। यहां से वापस दारचा रवाना होगी। केलांग-कोकसर लोकल बस सेवा भी शुरू कर दी है। उन्होंने यात्रियों को बस सेवा का लाभ उठाने की अपील की। कोकसर के लिए बस सेवा आरंभ होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। कोकसर पंचायत के पूर्व प्रधान अमरचंद, पूर्व उप प्रधान जिग्मेद सहित गांववासियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन का आभार जताया है।