जिले के सैकड़ों मरीजों को मिलेगी राहत, सेवा बंद होने से परेशान हो रहे थे लोग
लोगाें को निजी लैब में 200 रुपये देकर करवाना पड़ रहा था एक्स-रे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में करीब डेढ़ माह बाद एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। अब अस्पताल में ही मरीजों के एक्स-रे होंगे। अस्पताल की सरकारी मशीन खराब होने के कारण मरीजों के निशुल्क एक्स-रे नहीं हो रहे थे।
मरीजों को एक्स-रे करवाने के लिए भटकना पड़ रहा था। साथ ही एक्स-रे का शुल्क भी अदा करना पड़ रहा था। इससे मरीजों का मर्ज बढ़ने के साथ उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। अब एक्स-रे सेवा शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी। अमर उजाला ने एक्स-रे मशीन खराब होने का मामला प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने हरकत में आते हुए मशीन को ठीक करवा दिया है।
बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल में एक्स-रे मशीन खराब होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सक मरीज को एक्स-रे के लिए परामर्श दे रहे थे, लेकिन एक्स-रे प्रयोगशाला में पहुंच कर मरीज को खाली हाथ लौटना पड़ रहा था। प्रयोगशाला में मरीजों को इतने समय से मशीन खराब होने का पोस्टर चस्पां मिल रहा था। इस कारण मरीजों को मजबूरन निजी प्रयोगशालाओं में कम से कम 200 रुपये देकर एक्स-रे करवाना पड़ रहा था, लेकिन अब मशीन को ठीक करवा दिया गया है और एक्स-रे सुविधा भी आरंभ कर दी जाएगी। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। मशीन को ठीक करवा दिया गया है और सेवाएं आरंभ कर दी जाएगी। कहा कि अस्पताल में रेडक्रॉस सोसायटी की एक्स-रे मशीन भी स्थापित है। दो जगह एक्स-रे सुविधा अस्पताल में प्रदान की जा रही है।