एक सप्ताह के शिमला जिले के फागु के दौर पर निकले अधिष्ठाता
ढोल-नगाड़ों और करनाल की मधुर ध्वनि से गूंजीं शिमला की वादियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रघुपुर घाटी के अधिष्ठाता ब्यास ऋषि शिमला जिले के दौरे पर हैं। सोमवार को देवता की रथयात्रा कुमारसैन पहुंची। यहां लोगों ने देवता का भव्य स्वागत किया। देवता के लाव-लश्कर में तीन गढ़ और सात हार के सैकड़ों हरियान, कारकून और देवलू भाग ले रहे हैं।
एक सप्ताह के दौरे पर निकले देवता ब्यास ऋषि की रथयात्रा सुबह 10:00 बजे नगान से रवाना हुई। दोपहर का भोजन लुहरी पर किया। इसके बाद देवता ने ढोल-नगाड़ों और करनाल की मधुर ध्वनि के साथ सतलुज नदी पार की। वह सैंज से होकर कुमारसैन के लिए रवाना हुए। जगह-जगह लोगों और पर्यटकों ने देवता के दर्शन किए। देवता को शिमला के फागु (गलू) के रहने वाले शशिबाला ने अपने घर आने का निमंत्रण दिया था। देवता चार और पांच जून को यहां रुकेंगे।
कारदार इंद्र सिंह ने कहा कि दो जून शाम को देवता कुमारसैन पहुंचे। तीन जून को नारकंडा होते हुए शाम को मतियाना में रात्रि ठहराव होगा। चार जून को दोपहर बाद फागु पहुंचेंगे। देवता के दौरे में गड़ाह हार, कराड़, कक्षाउर हार, शिल्ही हार, रेहुशल हार, बिशलाधार हार, अपर गड़ाह पकरेड, चजुट और ठारवी गांव के लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
देवता के मंदिर कमेटी के सचिव ठाकुर दास वर्मा, भडारी शेर सिंह, गुर ओम प्रकाश, प्रेम वर्मा, पुजारी जिया लाल ने कहा कि देवता पहली बार शिमला के फागु (गलू) के दौरे पर जा रहे हैं। संवाद