कुल्लू। करीब 19 दिनों के अंतराल के बाद कुल्लू से आनी वाया शुश बस सेवा फिर से शुरू हो गई है। बस सेवा बहाल होने से कुल्लू और मंडी जिलों की करीब 15 पंचायतों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले महीने 15 मार्च को हुई भारी बर्फबारी के बाद यह सेवा बंद कर दी गई थी।
कुल्लू-आनी वाया शुश मार्ग पर चलने वाली इस बस सेवा से सैकड़ों लोगों की दैनिक आवाजाही जुड़ी हुई है। सेवा बंद होने के बाद ग्रामीणों को लंबे समय से इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार था। जलोड़ी दर्रा में हुई बर्फबारी के कारण बसों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने कोई जोखिम नहीं उठाया।
अब मार्ग बहाल होने के साथ बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। कुल्लू बस स्टैंड से जलोड़ी दर्रा होते हुए बाह्य सराज क्षेत्र तक एचआरटीसी बसों के संचालन से यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है। बस में सफर करने वाले यात्री राजेश, विक्की और दिनेश ने बताया कि सेवा बंद रहने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब बसें चलने से आवागमन सुगम हो गया है।
इस संबंध में एचआरटीसी के उप मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि कुल्लू से आनी वाया शुश बस सेवा बहाल कर दी गई है और इससे यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है।