क्षेत्र में कईयों के पास निर्माण की एनओसी नहीं, प्रशासन से मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा भुंतर में शनिवार को एरोड्रम सेफगार्डिंग टीम ने हवाई अड्डे के आसपास स्थित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन इमारतों की जांच की गई।
पाया गया कि कई निर्माण स्थलों पर एनओसी उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराते हुए भवन मालिकों का विवरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। निरीक्षण के दौरान भुंतर पेट्रोल पंप के समीप एक भवन के मालिक ने एनओसी पेश की जो निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कर रहा है। कई लोगों ने निर्माण चलाया हुआ है लेकिन उनके पास किसी तरह की एनओसी नहीं है। खासकर एयरपोर्ट के आसपास भवनों की ऊंचाई को लेकर एनओसी लेना जरूरी होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए एरोड्रम सेफगार्डिंग टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है। हवाई अड्डा प्रशासन विमान प्रचालन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों, भूमि मालिकों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि भारतीय विमानापत्तन प्राधिकरण से ऊंचाई स्वीकृति एनओसी लिए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू न करें।