पर्यटकों से गुलजार घाटी, होटलों में ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी
रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग की गतिविधियां लगीं बढ़ने
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में आपदा के ढाई महीने बाद रौनक बढ़ गई है। मनाली से रोहतांग और लाहौल घाटी तक पर्यटक पहुंच रहे हैं। सोलंगनाला और रोहतांग में साहसिक खेलों का रोमांच बढ़ गया है।
लगभग ढाई महीनों की लंबी खामोशी के बाद घाटी पर्यटकों से गुलजार है। होटलों की ऑक्यूपेंसी भी करीब 50 फीसदी पहुंच गई है।
काफी अरसे से बंद पड़ीं रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और हाॅट एयर बैलून जैसी गतिविधियां संचालित करने वाले व्यवसायी एक बार फिर पर्यटकों के स्वागत में जुट गए हैं। पैराग्लाइडिंग बुकिंग सेंटर के संचालक प्रवीण बौद्ध ने बताया कि गतिविधियां शुरू हो गई हैं। घाटी में आने वाले पर्यटक भी गतिविधियों को लेकर उत्साहित हैं। हॉट एयर बैलून का व्यवसाय करने वाले अमर ठाकुर ने कहा कि प्रतिदिन दो-तीन उड़ानें हो रही हैं। रिवर राफ्टिंग के प्रधान रमेश ठाकुर ने बताया कि बाढ़ के बाद भी मंदी चली है लेकिन अब कुछ रौनक बढ़ने लगी है। इससे कारोबार में इजाफा होने की उम्मीद है। ऊझी घाटी के बबेली, रायसन, डोभी, दवाड़ा, कटराईं सहित सभी क्षेत्रों में विभिन्न साहसिक पर्यटन गतिविधियां, होटल, रेस्टोरेंट तथा अन्य गतिविधियों से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में घाटी में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। अब इन कारोबारियों की नजर दिसंबर पर टिकी है। होटल कारोबारी गौतम ठाकुर, अजय अबरोल और रोशन ने बताया कि पिछले महीने की अपेक्षा इस महीने पर्यटकों की संख्या अधिक देखी जा रही है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।