कुल्लू-मनाली में साहसिक पर्यटन गतिविधियों पर रोक हटने के बाद बढ़ने लगी पर्यटको की संख्या।ब्यास
- फोटो : 1
मनाली। साहसिक गतिविधियां शुरू होने के साथ ही पर्यटन नगरी मनाली में धीरे-धीरे रौनक लौटने लगी है। पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और पैराग्लाइडिंग, जिपलाइन व रिवर क्रॉसिंग जैसी गतिविधियां उनके आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग शुरू होने के बाद पर्यटकों की आवाजाही में भी इजाफा हुआ है।
मनाली से अटल टनल तक विभिन्न स्थानों पर पर्यटक साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। पैराग्लाइडिंग के लिए पर्यटक फ्लाइंग साइट तक पहुंच रहे हैं और आसमान से मनाली की वादियों व पहाड़ों का नजारा देख रहे हैं। मढ़ी में भी पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटकों का उत्साह बढ़ा है। वहीं, मनाली-अटल टनल मार्ग पर जिपलाइन भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कारोबारी सुरेंद्र सिंह और रिंकू ने बताया कि अभी पर्यटकों की संख्या बहुत अधिक नहीं है, लेकिन पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। साहसिक गतिविधियां शुरू होने से पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अक्तूबर से पर्यटन कारोबार में और तेजी आएगी तथा पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। संवाद
कुल्लू-मनाली में साहसिक पर्यटन गतिविधियों पर रोक हटने के बाद बढ़ने लगी पर्यटको की संख्या।ब्यास- फोटो : 1