उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। कुकुमसेरी महाविद्यालय को बंद करने की अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है। अब विद्यार्थी इस शैक्षणिक सत्र में 20 जून तक बीए और बीकॉम में प्रवेश ले सकते हैं। सरकार ने पहले इस महाविद्यालय को मर्ज कर कुल्लू में शामिल करने की अधिसूचना जारी की थी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याएं बढ़ गई थीं।
सरकार के फैसले के बाद राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी में सत्र 2026-27 के लिए बीए और बीकॉम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राचार्य अनीता कुमारी ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी बीए में प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए डॉ. अनीता कुमारी, सहायक आचार्य सुरेंद्र ठाकुर, मनोज शर्मा, सालिक राम, गणेश, डॉ. माया, डॉ. अक्षय कुमार से संपर्क कर सकते हैं। उधर, विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि महाविद्यालय को यथावत रखने की अधिसूचना जारी होना लाहौल-स्पीति की जनता और विद्यार्थियों के हितों की जीत है। संवाद