ढालपुर अस्थायी शिविर में किया विश्राम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के कटराईं में धार्मिक आयोजन में शिरकत करने के बाद सोमवार को देवता आदि ब्रह्मा खोखन लाव लश्कर के साथ लौट गए हैं। खोखन क्षेत्र के आराध्य देवता आदि ब्रह्मा कटराईं क्षेत्र में मोल चंद ठाकुर और चंदे राम की ओर से आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने हारियानों के साथ पहुंचे थे।
आयोजन संपन्न होने के बाद अब देवता ढोल-नगाड़ों, रणसिंघों और श्रद्धालुओं के जयकारों की गूंज के बीच देवालय की ओर लौटे। सोमवार दोपहर बाद हारियान देवता के साथ ढालपुर स्थित देवता के अस्थायी शिविर में रुके और यहां विश्राम करने के बाद खोखन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह देवता का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने देवता के समक्ष माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संवाद