चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं ने जीत के लिए बहाया पसीना
......
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लोकसभा चुनाव के लिए एक जून को होने वाले मतदान से एक दिन पहले कार्यकर्ताओं ने जीत के लिए खूब पसीना बहाया। कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर दस्तक देकर उम्मीदवारों के लिए लोगों से समर्थन मांगा। लोकसभा चुनाव के लिए 30 मई को चुनाव प्रचार थम गया है। चुनावी शोर थमने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर दस्तक दी।
खराहल क्षेत्र में मंडी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के लिए कार्यकर्ताओं ने समर्थन मांगा। विभिन्न गांवों और बूथों में जाकर कार्यकर्ताओं ने अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा। कुल्लू के ढालपुर में 29 मई को कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए चुनावी रैली हुई थी।
भाजपा ने प्रत्याशी कंगना रणौत की जीत सुनिश्चित करने के लिए 30 मई को चुनावी रैली की। वोटरों को रिझाने के लिए सोशल मीडिया भी माध्यम बना हुआ है। सोशल मीडिया पर प्रत्याशी अपनी बात रख रहे हैं वहीं विभिन्न दलों के पदाधिकारी भी सोशल मीडिया में प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। संवाद