कुल्लू। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार खाद्य सुरक्षा विभाग की सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित तीन लोगों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को विजिलेंस ने तीनों आरोपियों को कुल्लू की अदालत में पेश किया। इससे पहले वह तीन दिन की रिमांड पर थे। रिमांड के दौरान पूछताछ में विजिलेंस के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं।
तीन दिन पहले कुल्लू में खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय में मनाली के एक होटल कारोबारी की शिकायत पर विजिलेंस ने विभाग की सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और एक चपरासी को एक लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी विजिलेंस अजय कुमार ने कहा कि रिमांड के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले की जांच चल रही है। अधिकारियों की संपत्ति को खंगाला जा रहा है। संवाद