कुल्लू। थाना मणिकर्ण के अंतर्गत एक महिला के घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। हालांकि, यह घटना चार अगस्त की है। पुलिस ने वीरवार को मिली शिकायत के आधार पर दो महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बसानीबेहड़ गांव की ब्यासा देवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि चार अगस्त को कला देवी और उसकी बेटी प्रेम लता उनके घर के भीतर जबरन घुस आईं। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। एएसपी संजीव चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना मणिकर्ण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(c), 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-संवाद