कुल्लू। शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। कुत्ते लोगों को शिकार बना रहे हैं। नगर परिषद कुल्लू और पशुपालन विभाग लावारिस कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी करने की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। यह बात हिमाचल पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरवरी में एक पेंशनर को लावारिस कुत्ते ने काट लिया है। शिकायत करने के बाद भी कुत्तों को नहीं पकड़ा गया है। नगर परिषद के वार्ड नंबर एक से वार्ड नंबर 11 गांधीनगर तक लावारिस कुत्तों की भरमार है। ढालपुर और बस अड्डा सरवरी में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान हैं। उन्होंने उपायुक्त कुल्लू से अपील की है कि नगर परिषद कुल्लू और पशुपालन विभाग को सख्त निर्देश दिए जाएं कि लावारिस कुत्तों की नसबंदी कर उनके लिए शेल्टर की व्यवस्था की जाए। संवाद