कुल्लू। जिले के प्रवेश द्वार बजौरा में कंढ़ी कटौला चौक पर टिपर ने एक बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कंढ़ी कटौला चौक पर शनिवार दोपहर बाद करीब चार बजे के पश्चात यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मंडी जिले से सटे कंढ़ी-कटौला सड़क चौक पर बजरी लेकर जा रहे टिपर ने महिला को कुचल दिया। टिपर पूरी तरह से भरा हुआ था और महिला उसके टायर के नीचे आ गई। हादसा होने पर लोग इकट्ठा हो गए। हादसे के बाद सड़क पर महिला खून से लथपथ पड़ी हुई थी। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके साथ ही यहां मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। मृतक की पहचान धनेश्वरी देवी (68), पत्नी अमर सिंह, निवासी हाट, डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने टिपर चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी टिपर चालक की पहचान टेक सिंह (40), पुत्र गुमत राम, निवासी चाहन, डाकघर कमांद, तहसील व जिला मंडी के रूप में हुई है। एसपी गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। कहा कि मामला दर्ज करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।