न्यूली (कुल्लू)। जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत देहुरीधार के बजाहरा में डाकघर का एक्सटेंशन काउंटर खोलने को मंजूरी मिल गई है। डाक विभाग मंडी मंडल ने इसके लिए आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। उप अधीक्षक डाकघर मंडी मंडल संजय कुमार की ओर से छह नवंबर को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
यह एक्सटेंशन काउंटर ग्राम पंचायत देहुरीधार में खोला जाएगा। इसके संचालन की जिम्मेदारी पंचायत को सौंपी गई है। पंचायत को काउंटर के लिए निशुल्क भवन उपलब्ध कराना होगा। डाक विभाग को नए पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक (पीओएसबी) खाते खोलने में सहयोग देना होगा। पंचायत को क्षेत्र के लोगों में डाकघर की सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलानी होगी। शुरुआती चरण में यह काउंटर सप्ताह में एक दिन कार्य करेगा।
कुल्लू साउथ सब डिवीजन के एसडीएच को काउंटर के सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा गया है। साथ ही, अधिक से अधिक नए पीओएसबी खाते खुलवाने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। डाक विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शर्तों का पालन न होने पर काउंटर कभी भी बंद किया जा सकता है। लोगों को अभी तक बजाहरा स्थित डाकघर जाना पड़ता है।