मनाली के ओल्ड मनाली में आपदा की भेट चढा पुल का फाइल फोटो।
पीडब्ल्यूडी के मेकेनिकल विंग ने शुरू की प्रक्रिया, 11 लाख रुपये होंगे खर्च
अगस्त महीने में आई आपदा में बह गया था बैली ब्रिज का एक हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के मनालसू नाला पर 120 फीट लंबा डीएसआर बैली ब्रिज बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर 11 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग के मेकेनिकल विंग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैली ब्रिज का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
गौर रहे कि 25 अगस्त को आई आपदा में मनालसू नाला पर बने बैली ब्रिज का हिस्सा ढह गया था। बाढ़ की चपेट में आने से पुल धराशायी हो गया था। पुल टूटने से लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटकों सहित स्थानीय लोग इस पुल से आवाजाही करते हैं। मनाली के बाशिंदे भी मनालसू नाला पर बैली ब्रिज लगने का इंतजार कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के मेकेनिकल विंग ने बैली ब्रिज के लिए निविदाएं 29 अक्तूबर तक आमंत्रित की हैं। नया पुल लगने से ओल्ड मनाली के लोगों के साथ देसी-विदेशी सैलानियों को सुविधा मिलेगी। ओल्ड मनाली में बड़ी संख्या में सैलानी सैर-सपाटा करने के लिए पहुंचते हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग मेकेनिकल विंग कुल्लू के अधिशासी अभियंता जीएल ठाकुर ने कहा कि बैली ब्रिज के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैली ब्रिज का कार्य शुरू किया जाएगा।