मनाली (कुल्लू)। अलेउ में होटल के सहायक प्रबंधक की हत्या से दो सगी बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक बहन का सुहाग छिन गया तो दूसरा हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे है।
पुलिस मामले मे फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। हत्या क्यों हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी राजीव ने अलेउ में अपना मकान बना रखा है। मृतक सुभाष उसके घर के एक कमरे में अपने परिवार के साथ रहता था। घर से कुछ ही दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
मामले में एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्या करने वाले और मृतक हमउम्र निकले। दोनों की उम्र 32-32 साल है। वहीं, देश में आईपीसी की धाराओं में हुए बदलाव के बाद प्रदेश में हत्या का मनाली में पहला मामला दर्ज हुआ है। अब यह केस भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) में दर्ज किया गया है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। हत्या क्यों की गई, पूछताछ के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। संवाद