कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थित सिविल सप्लाई के दवा काउंटर से मरीज को हिमकेयर से दवा न मिलने का तीमारदार ने आरोप लगाया है। इस मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है और इसकी न्यायिक जांच शुरू कर दी है। वीरवार को उपमंडलाधिकारी कुल्लू ने जांच आरंभ की। सिविल सप्लाई के जिस कर्मी पर दवा न देने के आरोप लगे हैं उसने उपमंडलाधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा।
द्वितीय पक्ष ने दो दिन का समय मांगा है। तीमारदार को ऑनलाइन माध्यम से बात रखने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने मरीज के साथ होने का हवाला दिया और दो दिन बाद अपनी आपबीती उपमंडलाधिकारी कार्यालय में स्वयं आकर रखने की बात कही। इस संबंध में उपमंडलाधिकारी निशांत कुमार ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में हिमकेयर से दवा न देने के मामले में न्यायिक जांच की जा रही है। कहा कि एक पक्ष ने अपनी बात रखी है और दूसरे ने दो दिनों का समय मांगा है।
...
मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो की न्यायिक जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में इस तरह की कोताही किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी।
-सुंदर सिंह ठाकुर, सदर विधायक कुल्लू
..
यह था मामला
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती मरीज के तीमारदार ने वीडियो बनाकर हिमकेयर कार्ड से दवा न देने का आरोप सिविल सप्लाई के कर्मी पर लगाया है। सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में तीमारदार और कर्मी के बीच दवा को लेकर कहासुनी हो रही है।
000