कुल्लू में दशहरा उत्सव की अस्थाई मार्केट में रविवार को गर्म कपड़ा की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
कुल्लू। रविवार की छुट्टी और अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की रौनक ने ढालपुर के अस्थायी बाजार में खूब चहल-पहल बढ़ा दी। खरीदारी के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में अवकाश होने के कारण परिवार सहित पहुंचे लोगों ने जमकर खरीदारी की। किसी ने सर्दियों के लिए गर्म कपड़े खरीदे तो किसी ने रजाई, कंबल और बिस्तर का सामान पसंद किया। रसोई के सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
दशहरा मेले के लिए ढालपुर मैदान में सजाए गए अस्थायी बाजार में विभिन्न तरह की दुकानें लगाई गई हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण जिले के दूरदराज क्षेत्रों और विभिन्न घाटियों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोग बाजार में नजर आए। लोगों ने अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार सामान खरीदा। बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे।
..........
सर्दियों की तैयारी के लिए खूब खरीदे गर्म कपड़े
ग्रामीण राहुल कुमार, नंत राम और डोले राम ने बताया कि रविवार को स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में अवकाश होने के कारण उन्हें खरीदारी का समय मिला। वे परिवार के साथ दशहरा बाजार पहुंचे और जरूरत का सामान खरीदा। उन्होंने बताया कि सर्दियों की तैयारी के लिए गर्म कपड़ों के साथ रजाई, कंबल और बेडशीट की भी खरीदारी की। अस्थायी बाजार में एक ही जगह पर विभिन्न तरह का सामान उपलब्ध होने से लोगों को खरीदारी में सुविधा मिल रही है।
0000