एक छत के नीचे मिलेगी आइस स्केटिंग, हट्स, चिल्डन पार्क और हर्बल गार्डन की सुविधा
सिस्सू झील का भी होगा सौंदर्यकरण, केंद्र में मिलेगी 100 वाहनों को पार्क करने की सुविधा
अशोक राणा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। दुनिया के सबसे ऊंचे स्थान पर अटल टनल बनने के बाद अब घाटी में पर्यटन के लिए एक मेगा और बहुउद्देशीय कला एवं सांस्कृतिक केंद्र बनाने की योजना है।
यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 38 बीघा जमीन पर तैयार किया जाएगा। एक छत के नीचे आईस स्केटिंग, हट्स, चिल्डन पार्क और हर्बल गार्डन की सुविधा मिलेगी। पर्यटन विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए भू-अधिग्रहण की प्रारंभिक रिपोर्ट औपचारिकताएं पूरी कर सरकार के माध्यम से केंद्र को भेज दी है। कला एवं सांस्कृतिक केंद्र को तैयार करने में करीब 56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पर्यटन विभाग ने मेगा प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कर ली है। परियोजना तैयार होने से लाहौल घाटी में पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी।
प्रोजेक्ट की डीपीआर के मुताबिक सिस्सू झील का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। झील के साथ आईस स्केटिंग रिंक बनाया जाएगा। यहां भविष्य में आईस स्केटिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। कला एवं सांस्कृतिक केंद्र में करीब 100 वाहनों को पार्क करने की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जाएगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय के 10 यूनिट स्थापित किए जाएंगे।
—हर्बल गार्डन के साथ चिल्ड्रन पार्क बनाए जाएंगे
सिस्सू में चंद्रा नदी के किनारे हर्बल गार्डन तैयार किया जाएगा। यहां हिमालय में पाई जाने वाली दुर्लभ जड़ी-बूटी की प्रजातियां उगाई जाएंगी। हर्बल गार्डन के साथ आधुनिक सुविधाओं से लेस चिल्ड्रन पार्क भी बनाया जाएगा। यहां बच्चों के लिए मनोरंजन की सुविधा होगी।
—
पर्यटकों को मिलेगी टूरिस्ट हट्स की सुविधा
होटल की बजाय टेंट में ठहरने वाले सैलानियों को सिस्सू में हट्स की सुविधा मिलेगी। पर्यटन विभाग के मुताबिक पहाड़ों में आने वाले सैलानी होटलों के बजाय टेंट और हट्स में ठहरने को तवज्जो दे रहे हैं। सिस्सू में बनने वाले हट्स अटैच बाथरूम के साथ सभी सुविधाओं से लेस होंगे।
—सिस्सू में लगभग 38 बीघा भूमि पर 56 करोड़ रुपये से बनने वाले कला एवं सांस्कृतिक केंद्र के लिए वन भूमि का अधिग्रहण होगा। प्रोजेक्ट कागजी औपचारिकताएं पूरी कर एफसीए क्लीयरेंस के लिए सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजा है। यह प्रोजेक्ट प्रदेश का पहला प्रोजेक्ट होगा। - रजनीश शर्मा, एसडीएम एवं जिला पर्यटन अधिकारी
—