नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला एथलेटिक एसोसिएशन 26 सितंबर को ढालपुर खेल मैदान में क्रॉस कंट्री स्पर्धा करवाएगी। इसके लिए वीरवार को एसोसिएशन के महासचिव युवराज वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्पर्धा के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। स्पर्धा में महिला एवं पुरुष वर्ग के एथलीट अंडर-16 से लेकर ओपन वर्ग तक भाग ले सकते हैं।
अंडर-16 महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए दो किलोमीटर, अंडर-18 महिला वर्ग के लिए चार किलोमीटर तथा पुरुष वर्ग के लिए छह किलोमीटर की दौड़ होगी। अंडर-20 महिला वर्ग के लिए छह किलोमीटर और पुरुष के लिए आठ किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। ओपन महिला एवं पुरुष वर्ग में दस किलोमीटर की दौड़ होगी। महासचिव युवराज वर्मा ने कहा कि इच्छुक एथलीट 26 सितंबर सुबह ढालपुर खेल मैदान में पहुंचकर स्पर्धा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। एथलीटों का पंजीकरण सुबह 6 बजे मैदान में होगा। इस दौरान पवन ठाकुर, धर्मेंद्र, अजय कुमार, भीमसेन, देवेंद्र ठाकुर, महेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।