तलीकूहल (कुल्लू)। पंद्रह मील में बटाहर के पास ब्यास नदी पर 12 करोड़ रुपये की लागत से वाहन योग्य पुल का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने पुल का शिलान्यास किया। पुल बनने से ब्यास नदी के दोनों किनारों पर बसे दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और उनका संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग से मजबूत होगा।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि पुल बनने से नदी के दाएं और बाएं तट पर बसे लोगों को आरपार जाने में सुविधा होगी। अभी यहां झूला पुल है, लेकिन इसकी हालत दयनीय हो चुकी है। इस पर आवाजाही करना जोखिम भरा बना हुआ है। वाहन योग्य पुल बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पुल और सड़क संपर्क ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। बटाहर पुल बनने से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने पुल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पुल बनने से खासकर बरसात के दौरान नदी आरपार जाने में होने वाली दिक्कतें दूर होंगी। गांवों से राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचना आसान होगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने की मांग की।