व्यापारियों में भी भारी मांग, दिल्ली, चंडीगढ़ और दक्षिण भारत तक पहुंच रही खेप
बागवानों को उम्मीद- आने वाले समय में और बढ़ेंगे दाम, दिसंबर तक चलेगा सीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की सब्जी मंडियों में जापानी फल का 20 किलो का एक क्रेट 2000 से 3000 रुपये में बिक रहा है। जापानी फल के दाम 100 रुपये प्रतिकिलो से अधिक बने हुए हैं। इसकी व्यापारियों में खूब मांग है।
जापानी फल खरीदने के लिए व्यापारियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा भी है। बागवानों को जापानी फल के उम्दा दाम मिल रहे हैं।
कुल्लू की सब्जी मंडियों में आने वाला जापानी फल पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दिल्ली और दक्षिण भारत तक पहुंच रहा है। व्यापारियों में पाउडर वाले जापानी फल की खूब मांग है। बगीचों से तोड़ने वाले जिन फलों में हल्का पाउडर कायम है, इसे व्यापारी हाथोंहाथ खरीद रहे हैं। जापानी फल भले ही अब तैयार हो रहा है। सब्जी मंडी के आढ़तियों के मुताबिक जापानी फल का सीजन दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक चलने की उम्मीद है। जापानी फल के दामों में आने वाले दिनों में उछाल रहने की उम्मीद है। गौर रहे कि जापानी फल में पौष्टिक तत्व काफी अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। बागवान प्रेम सिंह ठाकुर, रोशन लाल, मोहर सिंह और तारा चंद ने कहा कि पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में जापानी फल के पकने का खतरा नहीं है। बागवान अपनी सुविधा के अनुसार जापानी फल का तुड़ान कर रहे हैं। सब्जी मंडी भुंतर के आढ़ती मानस कुमार सूद ने कहा कि देशभर के व्यापारियों में खूब मांग है। 20 किलो का एक क्रेट 2000 से 3000 रुपये में बिक रहा है। सेब और अनार से भी बेहतर दाम बागवानों को इस समय जापानी फल के मिल रहे हैं।