कुल्लू। करीब एक माह बाद ऐतिहासिक ढालपुर मैदान अपने पुराने स्वरूप में लौटने लगा है। जिला प्रशासन ने बाहर से आए सैकड़ों कारोबारियों से ढालपुर मैदान खाली करवा दिया है। अस्थायी मार्केट उठने से ढालपुर मैदान अब पूरी तरह खाली हो गया है। नगर परिषद कुल्लू ने मैदान को पुराने स्वरूप में लौटाने के लिए साफ-सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए दर्जन के करीब सफाई कर्मचारियों को मोर्चे पर लगा दिया गया है। ढालपुर छोड़ गए कारोबारी अपने पीछे भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा छोड़ गए हैं। महीना भर डेरा जमाए कारोबारियों से जहां ढालपुर की सुंदरता पर ग्रहण लग गया था, वहीं स्थानीय व्यापारी भी अस्थायी दुकानदारों से खासे परेशान थे। बहरहाल, अब ढालपुर मैदान अपने पुराने स्वरूप में लौटने लगा है तो वहीं ढालपुर, लोअर ढालपुर, सरवरी, अखाड़ा बाजार तथा गांधीनगर के व्यवसायियों ने भी राहत की सांस ली है। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि ढालपुर के खाली होने पर साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया है। नप ने दर्जन भर सफाई कर्मचारियों को मौके पर तैनात कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक ढालपुर मैदान अब पूरी तरह साफ-सुथरा होगा। एडीएम कुल्लू विनय सिंह ठाकुर ने कहा कि ढालपुर से सभी व्यापारियों को हटा दिया गया है और नगर परिषद को इसकी साफ-सफाई के निर्देश दे दिए गए हैं। व्यापार मंडी कुल्लू के प्रधान राजेश सेठ ने कहा कि सैकड़ों व्यापारियों के ढालपुर मैदान खाली करने से यहां के दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है।