कुल्लू। दशहरा उत्सव समिति ने बाहर से आए विक्रेताओं को केवल 23 अक्तूबर तक मेला मैदान में दुकानों के लिए स्थान आवंटित किए थे। प्रशासन ने दशहरा मैदान से 23 अक्तूबर के बाद इन दुकानदारों को हटा दिया है, लेकिन इन व्यापारियों ने प्रदर्शनी मैदान में दुकानें स्थापित कर दी हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ने बताया कि नगर परिषद कुल्लू अस्थायी दुकानदारों से फीस वसूल रही है। उन्हाेंने कहा कि दुकानदारों से मैदान का किराया वसूला जा रहा है और दुकानदारों को प्रलोभन देकर मैदान में दुकानें जारी रखने की अनुमति देना कोई तर्कसंगत नहीं है। एक मैदान से उठकर दूसरे मैदान में जाकर दुकानें स्थापित करना अवैध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार अवैध मेले से शहर में स्वच्छता बनाए रखना तथा कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों को नियुक्त करना भी संभव नहीं है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने उपमंडल अधिकारी कुल्लू तथा नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी को एक दिन के भीतर पुलिस की सहायता से प्रदर्शनी मैदान से अवैध विक्रेताओं को हटाने के निर्देश जारी किए हैं।